हरियाणा के गुरुग्राम जिले में सोमवार को थोड़ी-सी देर हुई बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। अंडरपास पानी से भर गए। पूरे शहर में जाम की स्थिति बनी रही। ट्रैफिक पुलिस और खुद डीसी ने प्राइवेट संस्थानों को कर्मचारियों को घर से काम कराने की सलाह दी। वहीं पुलिस दोपहर बाद तक ट्रैफिक को सुचारू करने में जुटी रही।
बता दें कि सोमवार की सुबह तेज अंधड़ के बाद करीब आधा घंटा गुरुग्राम शहर में जबरदस्त बारिश हुई। इसके चलते दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे से लेकर गुरुग्राम के पॉश इलाकों की सड़कें पानी से लबालब भरी नजर आईं। पानी की निकासी नहीं होने से लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ी। खासकर सुबह के वक्त नौकरी पेशा लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
डीसी की घर से काम करने की सलाह
गुरुग्राम के डीसी निशांत यादव ने एडवाइजरी जारी करके लोगों को घर से ही काम करने की सलाह दी है। जिलाधीश ने एडवाइजरी से संबंधित ट्वीट करते हुए प्राइवेट संस्थानों से कहा कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने का आदेश दें, ताकि सड़कों पर ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।