पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस की करारी हार के बाद नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तीफा ले चुके पार्टी हाईकमान ने शनिवार रात को पंजाब कांग्रेस की नई टीम घोषित कर दी। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के प्रधान की जिम्मेदारी जहां अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को सौंपी गई है, वहीं प्रताप सिंह बाजवा को पंजाब विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है।
कांग्रेस हाईकमान ने दो और पदों पर नियुक्ति की है। पुराने कांग्रेसी भारत भूषण आशू को PPCC का कार्यकारी अध्यक्ष और आरक्षित सीट होशियारपुर से विधायक डॉ. राजकुमार चब्बेवाल को विस में विधायक दल का उपनेता बनाया गया है। कांग्रेस हाईकमान के फैसले के बाद निवर्तमान प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने राजा वड़िंग को बधाई दी। वहीं राजा वड़िंग ने कांग्रेस आलाकमान का आभार जताया है।