नई दिल्ली, एएनआइ। राज्यसभा में जारी बजट सत्र के आखिरी सप्ताह के लिए सूचीबद्ध सात विधेयकों में से छह विधेयक को लोकसभा में पारित किया जा चुका है। अब राज्यसभा में इस सप्ताह आपराधिक प्रक्रिया (पहचान) विधेयक (Criminal Procedure Identification Bill 2022) और दिल्ली नगर निगम संशोधन विधेयक समेत सात मुख्य विधेयकों को सूचीबद्ध किया गया है। सात में से छह विधेयकों को लोकसभा में पहले ही पारित किया जा चुका है।
पिछले हफ्ते लोकसभा में आपराधिक प्रक्रिया (पहचान) विधेयक 2022 पारित किया गया। विपक्ष के हंगामे के बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी ने इसे पेश किया था। 58 के मुकाबले 120 वोटों से विधेयक को पेश करने की मंजूरी मिली थी। बता दें कि इस विधेयक से अपराधियों के रिकार्ड रखने में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। दोनों सदनों में पास होने के बाद यह राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा और उनके हस्ताक्षर के बाद ही इसे कानून के तौर पर पहचान मिलेगी।