हरियाणा में ई-टेंडरिंग पर टकराव:चंडीगढ़ कूच के दौरान सरपंचों को पुलिस ने बॉर्डर पर रोका, नारेबाजी

Latest News

हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के बैनर तले आज हजारों की संख्या में सरपंचों ने विधानसभा घेराव को किया कूच। पंचकूला-चंडीगढ़ बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियों को हरियाणा पुलिस द्वारा रोका गया। इस पर सरपंचों ने वहीं पर नारेबाजी शुरू कर दी है। माहौल तनावपूर्ण हो गया है। इसको देखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई।

आपात स्थिति से निपटने के लिए बॉर्डर पर बज्र वाहन और एंबुलेंस भी खड़ी की गई है।

वहीं हरियाणा में ई-टेंडरिंग को लेकर आंदोलनरत सरपंच दो फाड़ हो गए हैं। CM की घोषणाओं के बाद एक गुट सरकार के साथ खड़ा हो गया है। वहीं दूसरा विरोध में अभी भी सड़कों पर है, जो अपनी मांगों को लेकर अड़ा हुआ है और सीएम के ऐलान के विरोध में विधानसभा का घेराव कर रहा है।

सरकार कर रही साजिश
हरियाणा की आंदोलनरत सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रणबीर समैण ने कहा कि सरकार साजिश कर रही है। आंदोलन को प्रभावित करने के लिए सरकार की ओर से अपने आदमी खड़े किए गए हैं, लेकिन सरकार की ये साजिश सरपंच नाकाम करके रहेंगे। पहले के मुकाबले विधानसभा घेराव में अधिक पंचायतों के लोग पहुंचेंगे। सरकार की ये साजिश उसी पर भारी पड़ने वाली है।