Monsoon Session: सर्वदलीय बैठक में पीएम की अनुपस्थिति पर भड़की कांग्रेस, बोली- क्या यह ‘असंसदीय’ नहीं है?

Politics

संसद के कल से शुरू होने वाले मानसून सत्र से पहले आज सरकार द्वारा सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। इस बैठक में सरकार का प्रतिनिधित्व वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यसभा में भाजपा के नेता पीयूष गोयल और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने किया। बैठक में पक्ष और विपक्ष के कई बड़े नेता मौजूद रहे। हालांकि, पीएम मोदी ने इस बैठक में भाग नहीं लिया।

विपक्ष की ओर से कई वरिष्ठ नेता हुए शामिल
बैठक में विपक्ष की तरफ से कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी , जयराम रमेश, द्रमुक के टीआर बालू और तिरुचि शिवा, टीएमसी के सुदीप बंद्योपाध्याय और एनसीपी के शरद पवार सहित लगभग सभी दलों के नेता मौजूद थे। इसके अलावा बैठक में बीजद के पिनाकी मिश्रा, वाईएसआरसीपी के विजयसाई रेड्डी और मिधुन रेड्डी, टीआरएस के केशव राव और नामा नागेश्वर राव, राजद के एडी सिंह और शिवसेना के संजय राउत भी मौजूद थे।

 इन मुद्दों पर हुई चर्चा
केंद्र सरकार की ओर से आज बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में सभी विपक्षी दलों ने महंगाई, ‘असंसदीय शब्द’ विवाद और अग्निपथ भर्ती योजना को वापस लेने की मांग के मुद्दे उठाए। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी है। बता दें कि संसद का मानसून सत्र 18 जुलाई से शुरू होगा और 12 अगस्त को समाप्त होगा।