कांग्रेस की हल्ला बोल रैली की तैयारियों में भी विवेक बंसल का ‘बहिष्कार’, अलग-थलग पड़े प्रदेश प्रभारी

Haryana

नई दिल्ली। हरियाणा कांग्रेस ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और हरियाणा के प्रभारी विवेक बंसल का अघोषित बहिष्कार हल्ला बोल रैली की तैयारियों में भी बरकरार रखा है। एक अगस्त को पंचकूला में एक दिवसीय चिंतन शिविर में भी राज्य कांग्रेस ने बंसल को आमंत्रण नहीं भेजा था। इसके बाद से बंसल या पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कोई समन्वय नहीं है।

पिछले एक माह में सिर्फ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान की ही बंसल से एक-दो बार बातचीत हुई है। इस तरह बंसल फिलहाल बिना विभाग के मंत्री की तरह हो गए हैं। बंसल अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यालय में लगातार आते हैं। कुछ कार्यकर्ताओं से बातचीत भी करते हैं, लेकिन वह प्रदेश कांग्रेस को लेकर कोई बातचीत मीडिया से करना पसंद नहीं कर रहे हैं।