देश में कोरोना के नए वैरिएंट XE का असर फिलहाल दिख नहीं रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए कोरोना के मामले फिलहाल कम आ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रविवार के आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के केवल 1054 मामले सामने आए हैं जो कि कल की तुलना में 96 कम है। वहीं इस दौरान 29 लोगों की मौत भी हुई जो कि कल की तुलना में 64 कम है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 1,258 लोग डिस्चार्ज भी हुए। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि देश में अब केवल11,132 सक्रिय मामले ही बचे हैं। सक्रिय मामलों में भारी कमी का मतलब है कि कोरोना संक्रमित मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। वहीं महामारी की शुरुआत से अब तक स्वस्थ होने वाले कुल मरीजों की संख्या 4.25 करोड़ से अधिक ( 4,25,02,454) हो गई है।