खास बातें
पीएम मोदी टोक्यो में 24 मई को क्वाड शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और ऑस्ट्रेलिया व जापान के प्रधानमंत्रियों के साथ शामिल होंगे। पीएम मोदी ने यहां भारतीय समुदाय को संबोधित किया उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा में जापान की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है।
मैं पत्थर पर लकीर करता हूं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय प्रवासियों से कहा कि मुझे मक्खन पर लकीर करने में मजा नहीं आता, मैं पत्थर पर लकीर करता हूं। हमने भारत में एक मजबूत, लचीले और जिम्मेदार लोकतंत्र की पहचान बनाई है। बीते आठ साल में इसे हमने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाया है।
‘दुनिया को बुद्ध की दिखाई राह पर चलने की जरूरत’
भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जापान प्राकृतिक भागीदार हैं। जापान ने भारत की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जापान के साथ हमारे संबंध घनिष्ठता, आध्यात्मिकता, सहयोग और अपनेपन के हैं। मोदी ने कहा कि आज की दुनिया को भगवान बुद्ध के दिखाए रास्ते पर चलने की जरूरत है। आज दुनिया जिन चुनौतियों का सामना कर रही है, मानवता को उनसे बचाने का यह एकमात्र रास्ता है फिर चाहे वह हिंसा, अराजकता, आतंकवाद या जलवायु परिवर्तन हो। उन्होंने कहा कि जापान से हमारा रिश्ता बुद्ध का है, बोद्ध का है, ज्ञान का है, ध्यान का है।