चेयरमैन बोले- ये चीजें बर्दाश्त नहीं होंगी
कांग्रेस के वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान के दौरान मंच पर भिड़ने वाले दोनों जिला अध्यक्षों के खिलाफ पार्टी कार्रवाई करेगी। शनिवार को अंबाला में कांग्रेस की अनुशासन समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक की अध्यक्षता में हुई बैठक में फैसला हुआ कि हिसार से शहरी जिला अध्यक्ष बजरंगदास गर्ग और ग्रामीण जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया को नोटिस जारी किया जाएगा।
अंबाला कैंट के कांग्रेस भवन में समिति ने 4 शिकायतें सुनी, जबकि 3 मामलों पर खुद ही संज्ञान लिया। समिति से जुड़े सूत्रों के मुताबिक हिसार के दोनों जिलाध्यक्षों से 15 दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा जाएगा कि मंच पर ऐसी स्थिति क्यों पैदा हुई।
बैठक के दौरान समिति ने यह भी फैसला लिया कि पार्टी या किसी वरिष्ठ नेता के खिलाफ मीडिया, सोशल मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर बयानबाजी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा करने वाले नेताओं से पहले लिखित स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। फिर पुख्ता सबूतों के आधार पर ही सजा दी जाएगी। संगठन की छवि खराब करने वालों पर कार्रवाई होगी।