सिरसा प्रगति रैली:CM मनोहर बोले- ओटू की मिट्‌टी का 100 रुपए प्रति टन रेट तय; 575 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी

Politics

प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने निकाय चुनाव के लिए बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी ने सिरसा में प्रगति रैली से इसकी शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रैली में कई घोषणाएं की हैं। इस दौरान सीएम ने किसानों के लिए ओटू झील की मिट्‌टी का रेट प्रति टन 100 रुपए तय करने का ऐलान किया। साथ ही शेरांवाली डिस्ट्रिब्यूट्री से 5 जून तक टेल तक पानी पहुंचने का भी ऐलान भी किया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने ओढ़ां में बने बस स्टैंड का लोकार्पण कर अपनी विकासात्मक छवि पेश करने का प्रयास किया। एक दिन पहले ही BJP ने प्रदेश में जजपा से अलग चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। वहीं कुछ दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुए पंजाब के पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी इस रैली में पार्टी के अन्य दिग्गजों के साथ पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का सिरसा एयरपोर्ट पर विधायक गोपाल कांडा और बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने स्वागत किया। सीएम इसके बाद जगदीश नेहरा के निवास स्थान पर पहुंचे।