अप्रैल आधा भी नहीं बीता कि भीषण गर्मी का मार्च पास्ट शुरू हो गया है। कड़ी धूप के बीच लू भी बेहद परेशान करने लगी है। शनिवार को प्रदेशभर में अधिकतम तापमान कुछ जगहों को छोड़कर 43 डिग्री सेल्सियस के पार ही रहा। हिसार और फरीदाबाद में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी उपर दर्ज किया गया है।
हिसार में अधिकतम तापमान ने अप्रैल माह के पिछले 12 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां भारतीय मौसम विभाग द्वारा फार्म एरिया में लगाए गए स्वचालित मौसम मापक यंत्र में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री दर्ज किया गया है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है।
फरीदाबाद के भूपानी में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री, गुरुग्र्राम और हिसार के बालसमंद में 44.5 डिग्री, सिरसा में 44.4 डिग्री और महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सबसे कम अधिकतम तापमान पंचकूला में 38.3 डिग्री और अंबाला में 40.0 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है।